VIDEO: गवर्नमेंट ऑफिस में अपने सीनियर को मास्क लगाने की सलाह देना महिला कर्मचारी को पड़ा मंहगा.. नाराज अफसर ने रॉड से कर दी पिटाई

0
722

अमरावती (आंध्र प्रदेश)। गवर्नमेंट ऑफिस में अपने सीनियर अफसर को मास्क पहनने की सलाह देना जूनियर महिला कर्मचारी को मंहगा पड़ गया। नाराज अफसर ने महिला कर्मचारी की रॉड से जमकर पिटाई कर दी। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के एक गवर्नमेंट ऑफिस में महिला कर्मचारी ने अफसर को मास्क लगाने की सलाह दी। अफसर को यह अपनी बेइज्जती लगी। उसने ऑफिस में ही महिला की रॉड से पिटाई की। बाल पकड़कर घसीटा। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने महिला को बचाने की कोशिश की। लेकिन, वे कामयाब नहीं हो पाए। घटना शनिवार की है। मंगलवार को इसका वीडियो सामने आया और महिला ने केस दर्ज कराया। आरोपी अफसर की तलाश की जा रही है।

टूरिज्म डिपार्टमेंट का मामला

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, घटना नेल्लोर के टूरिज्म डिपार्टमेंट में शनिवार सुबह हुई। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है। एक व्यक्ति तेजी से कमरे में घुसता है। यहां कुछ कर्मचारी काम में व्यस्त हैं। यह व्यक्ति सामने की तरफ बैठी महिला कर्मचारी के पास पहुंचता है। उसे बाल पकड़कर जमीन पर गिरा देता है। महिला की टेबल के बगल में रखी रॉड जैसी कोई वस्तु उठाकर उसे मारना शुरू करता है।

डिप्टी मैनेजर है आरोपी

अफसर की हरकत देखकर कुछ कर्मचारी दौड़कर उसके पास पहुंचते हैं। उसके हाथ से रॉड छीनने और महिला को बचाने की कोशिश करते हैं। महिला कुर्सी से जमीन पर गिर जाती है। मारपीट करने के बाद यह व्यक्ति बाहर कमरे से बाहर निकल जाता है। इस व्यक्ति का नाम भास्कर बताया गया है। वो टूरिज्म डिपार्टमेंट में डिप्टी मैनेजर है। महिला ने मंगलवार को मामला दर्ज कराया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोपी अफसर को संक्रमण से बचने के लिए मास्क लगाने की सलाह दी थी। अफसर ने इसे अपनी बेइज्जती माना।