पीएम नरेंद्र मोदी ने धर्मशाला में ग्‍लोबल इन्‍वेस्‍टर्स मीट के आगाज के दौरान जानें क्या कहा…

0
85

7 नवंबर 2019धर्मशाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मशाला में ग्‍लोबल इन्‍वेस्‍टर्स मीट के आगाज के दौरान कहा हिमाचल भी अब कमर कस चुका है। मां ज्वालाजी के सानिध्य में आयोजन के लिए बधाई। यहां कण कण में शक्ति व ऊर्जा का वास है। प्रकृति ने भरपूर सहयोग दिया है। इस तरह के आयोजन कुछ राज्यों तक सीमित थे।

अब राज्यों में आगे बढ़ने की होड़ है। मोदी ने कहा अर्थव्यवस्था के सिद्धांत कमजोर नही पड़ने दिए। दुनिया में मंदी लेकिन भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी नीयत नेक और इरादे मजबूत हैं। मैं मेहमान नहीं हिमाचली ही हूं, आप अपना राज्‍य समझकर निवेश करें। हिमाचल सरकार आपको हर संभव सहयोगी करती रहेगी। नरेंद्र मोदी कई वर्ष तक हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी रहे हैं और उनका प्रदेश से अच्‍छा नाता रहा है।

मोदी ने कहा जीएसटी लागू करने के बारे में कोई सोच नहीं सकता था, लेकिन हमने करके दिखाया। अंतर्विभागीय सहयोग बढ़ाया जा रहा है। कॉरपोरेट टैक्स कम किया गया है। संसाधनों के दोहन से आगे बढ़ेंगे। पर्यटन नीति में बदलाव का लाभ हिमाचल को मिलेगा। 2013 में भारत 65वें स्थान पर था आज 24वें स्थान पर है। एक करोड़ विदेशी पर्यटक आए। ई वीजा को बढ़ावा दिया जा रहा है। हिमाचल पर्यटन की संभावनाओं से भरा पड़ा है।

सोलन का मशरूम, लाहुल का आलू, कुल्लू की शॉल और कांगड़ा पेंटिंग की अपनी पहचान है, हिमाचल में तकनीक का विस्तार हो रहा है। रेल व फोरलेन पर तेजी से काम हो रहा है। हेली टैक्सी को बढ़ावा दिया जा रहा है व रोहतांग सुरंग जल्द शुरू होगी। यहां के लोगों का आपस मे जुड़ाव, एक घर की आवाज दूसरे घर तक नही जाती।

पहले टैक्स व बिजली माफी का काम चलता था लेकिन परिणाम सामने नहीं आते थे। निवेशक भी रियायत का इंतजार करते रहते थे और असल में निवेश और विकास नहीं होता था। अब रियायतों की स्पर्धा में न राज्य और न ही लोगों का भला होता है। लोग व उद्यमी इंस्पेक्टरी राज से निजात चाहते हैं। राज्यों में जितनी प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, उद्योग भी बढ़ेंगे। उद्योग जगत को साफ सुधरी व्यवस्था चाहिए। सरकार का कम से कम हस्तक्षेप होना चाहिए। हिमाचल सरकार नए नए फैसले लेकर सही दिशा में काम कर रही है।

मोदी ने कहा हिमाचल ने बिजनेस फ्रेंडली वातावरण बनाया है। राज्यों में बेहतर का असर देश पर होता है। देश की पहचान पहले के मुक़ाबके बढ़ी है। विकास की गाड़ी चार पहियों पर दौड़ रही है। समाज, सरकार, उद्योग व ज्ञान चार पहिये हैं। बिजनेस में 79 रैंक हासिल किया है। विकास दर में सुधार हो रहा है।

इससे पहले धर्मशाला पहुंचने पर सड़क किनारे खड़े हजारों कार्यकर्ताओं और छात्रों ने उनका भव्‍य स्‍वागत किया। मोदी के मंच पर पहुंचने पर निवेशकों ने खड़े होकर तालियों से स्वागत किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देवरथ भेंट कर मोदी का स्वागत किया। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद मोदी व निवेशकों का स्वागत किया। उद्योग मंत्री ने कहा हिमाचल को देश विदेश में इन्वेस्टर मीट से पहचान मिली है। इस दौरान निवेशकों को हिमाचल की लघु फ‍िल्‍म दिखाई गई।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा देवभूमि को निवेशक अपनी कर्मभूमि बनाएं। सीएम ने कहा इन्वेस्टमेंट और प्रमोशन पॉलिसी बनाएंगे। जीएसटी पर रियायत देने की कोशिश की जाएगी।

भारत में यूएई के राजदूत अहमद अब्दुल बाना ने कहा पार्टनर कंट्री होने के नाते हिमाचल को हर संभव सहयोग देंगे। भारत और यूएई के घनिष्‍ठ संबंध हैं। तीन मिलियन भारतीय यूएई में रह रहे हैं। 2020 में यूएई में होने वाले वर्ल्ड एक्सपो के लिए प्रधानमंत्री को न्योता दिया। उन्‍होंने कहा पर्यटन, हाइड्रो और फ़ूड प्रौद्योगिकी में सहयोग करेंगे।

मारुति सजुकी के आरसी भार्गव ने कहा 2014 से उद्योगपतियों में नई उम्मीद जगी है। नीतियों में बदलाव से उद्योग आगे बढ़े हैं। भार्गव ने कहा हिमाचल में लेबर महंगी है। प्रदेश में तीन आईटीआई को गोद लिया गया है। जीएमआर ग्रुप अध्यक्ष श्रीनिवासन ने कहा हवाई सेवा में सुधार से प्रदेश में विकास बढ़ेगा। कंपनी ग्रीन एनर्जी और एयरपोर्ट में निवेश करेगी। अडानी ग्रुप के प्रणव अडानी ने मोदी ने देश को नई राह दिखाई है, इसकी अलख गुजरात से जगाई थी। गुजरात की तर्ज पर देश के बाकी राज्य भी आगे बढ़ने को आतुर हैं। कृषि व बागवानी को बढ़ावा देने के लिए अडानी ग्रुप सहयोग करेगा। 20000 बागवानों को ग्रुप पहले से सेब उत्पादन व मार्केटिंग में सहयोग कर रहा है। सौ करोड़ का निवेश किया जाएगा। 356 करोड़ से शिमला सिरमौर व सोलन में गैस वितरण सिस्टम विकसित किया जाएगा। 45 गैस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

अमेजन के कंट्री हेड अमित अग्रवाल ने कहा भारत में पांच लाख बिज़नेस सेंटर हैं। हिमाचल के हस्तशिल्प उत्पादों को प्रमोट करेंगे। भारतीय इंटरप्राइसेज के वाइस चेयरमैन राकेश भारती ने कहा मेरा मानना है हिमाचल जल्‍द ही शिखर पर होगा। हिमाचल में पहली बार किसी सरकार ने ऐसी पहल की है। बचपन से हिमाचल से यादें जुड़ी हुई हैं। पंजाब में घर हैं व पहाड़ी प्रदेश में आना जाना लगा रहता था। हिमाचल में 15 हजार लोगों को रोजगार उपलब्‍ध करवाया जा रहा है। ऑप्टिकल फाइबर बिछाने में अन्य राज्यों के मुकाबले शुल्क अधिक होने का मुद्दा उठाया। उन्‍होंने टॉवर लगाने में दिक्कतें बताई। स्कूलों में अधिक वोकेशनल कोर्स शुरू करने का सुझाव दिया, कहा इससे बेरोजगारी कम होगी। हवाई सेवाएं बढ़ाने पर जोर देने की जरूरत है।

सीआईआई के बनर्जी ने कहा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक अच्छी पहल की है। गुजरात में भी मोदी ने कुछ ऐसी शुरुआत की थी। दुनिया भर में मोदी के नेतृत्व में देश का मान बढ़ा। रोजगार सृजन पर सीआईआई का जोर है। धर्मशाला को मॉडल इंस्टीट्यूट की सौगात दी।

इससे पहले नरेंद्र मोदी पठानकोट एयरफोर्स बेस से हेलीकॉप्‍टर में धर्मशाला के साई मैदान में उतरे। यहां से वह पुलिस मैदान में आयोजन स्‍थल पर पहुंचे। मोदी ने आयोजन स्‍थल पर लगाई प्रदर्शनियों के बारे में सीएम जयराम और स्‍टाफ से जानकारी हासिल की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वर्ष के भीतर ही दूसरी बार धर्मशाला में आ रहे हैं। इससे पहले प्रदेश सरकार का एक साल पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में वह शामिल हुए थे।