CM योगी के पिता का हुए पंचतत्व में विलिन, बड़े बेटे ने दी मुखाग्नि.. अंत्येष्टि में पहुंचे सीएम रावत, बाबा रामदेव समेत कुछ ही लोग हुए शामिल..

0
95

ऋषिकेश। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता स्व. आनंद सिंह बिष्ट का अंतिम संस्कार पूरी विधि विधान के साथ किया गया। आनंद सिंह बिष्ट के बड़े बेटे मानेंद्र सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके पुत्र शैलेन्द्र सिंह व कनिष्ठ पुत्र महेंद्र सिंह सहित परिवार व गांव के लोग भी मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ इस दौरान मौजूद नहीं रहे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का आज ऋषिकेश के पास फूल चट्टी घाट में अंतिम संस्कार हुआ। फूलचट्टी स्थित गंगा घाट पर आज सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर स्व. आनंद सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर लाया गया। यहां मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा बाबा रामदेव भी वहां मौजूद थे। वहीं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मदन कौशिक, धन सिंह रावत, संगठन मंत्री अजेय, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से एडिशनल कमिश्नर सौम्या श्रीवास्तव, ओएसडी सीएम उत्तर प्रदेश राज भूषण सहित कई लोगों ने स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की।

आनंद सिंह बिष्ट के निधन की सूचना के बाद से पंचूर सहित आसपास के गांव शोक में डूब गए। देर रात को उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत भी पंचूर पहुंच गए। बता दें कि एम्स दिल्ली में पिछले एक माह से भर्ती योगी आदित्यनाथ के पिता 89 वर्षीय आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार सुबह निधन हो गया था। एम्स दिल्ली से विशेष एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पंचूर, यमकेश्वर के लिए रवाना किया गया। कोटद्वार के रास्ते पार्थिव शरीर शाम करीब सवा सात बजे उनके पैतृक आवास पर पहुंचा। वहां पहले से ही गांव के लोग और संगे संबंधी मौजूद थे।

करीब तीन माह से बीमार चल रहे थे आनंद सिंह बिष्ट

सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट (89) ने सोमवार की सुबह 10:44 बजे दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर लगते ही यमकेश्वर क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। वन विभाग में रेंज अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त आनंद सिंह बिष्ट परिवार के साथ पैतृक गांव यमकेश्वर ब्लाक के पंचूर गांव में रह रहे थे। वह करीब तीन माह से बीमार चल रहे थे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत उनके चार बेटे और तीन पुत्रियां हैं। सबसे बड़ी तीन बेटियां पुष्पा देवी, कौशिल्या देवी और शशि देवी हैं। इसके बाद बड़ा बेटा मानवेंद्र सिंह है। दूसरे नंबर पर योगी आदित्यनाथ (अजय मोहन सिंह बिष्ट) हैं। तीसरे बेटे शैलेंद्र मोहन भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर सेवारत हैं। चौथा सबसे छोटा पुत्र महेंद्र बिष्ट पत्रकारिता में है।

अपने पिता के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे सीएम योगी

बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में भाग नहीं ले सके। प्रदेश की स्थिति और कोरोना के प्रकोप के चलते योगी आदित्यनाथ ने देश को पहले स्थान पर रखते हुए पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने का फैसला लिया। पिता के देहांत के बाद सीएम योगी ने अपने बयान में कहा था कि, ‘ईमानदारी, कठोर परिश्रम और निस्वार्थ भाव से लोक मंगल के लिए समर्पित भाव से काम करने का संस्कार मुझे मेरे पिता से ही हासिल हुआ है। उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता के हित में काम करना अभी ज्यादा जरूरी है। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद पिता को श्रद्धांजलि देने उत्तराखंड जाऊंगा।