परिजनों की आँखों मे दिखी खुशी की झलक, उत्तराखंड से सकुशल लौटे भिलाई के 55 पर्यटक…..

0
162

दुर्ग, 23 अक्टूबर 2021। भिलाई के सभी 55 यात्री आज उत्तराखंड से सुरक्षित घर लौट आए हैं। इतने बड़े हादसे से निकलने के बाद की खुशी उनकी आंखों में स्पष्ट झलक रही थी।

भरी हुई आंखों से उन्होंने बताया कि भूस्खलन के बाद का मंजर बहुत डरावना था। हमने हिम्मत नहीं हारी, अपनी सरकार पर भरोसा रखा। बहुत जल्दी डोगरा बटालियन की टीम पहुंची और हम सबको सुरक्षित पहुंचाया। कुछ किमी हमें पैदल चलना पड़ा।

हमें राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि आप सभी आश्वस्त रहें।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूरी घटना पर नजर रखे हुए हैं और आप सभी की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए हर संभव सहायता करने के निर्देश हमें दिए गये हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे पूरे समय लोगों की सहूलियत के संबंध में मानिटरिंग करते रहे।

अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना कैंचीधाम के एसडीएम के निरंतर संपर्क में रही।

यात्रियों को स्कूल और अन्य सुरक्षित रहवासों में पहुंचाया गया और इनके खानपान की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद दिल्ली तक सुबह- सुबह पहुंचाया गया।

यात्रियों ने बताया कि दिल्ली तक आने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई।

जिला प्रशासन के अधिकारी निरंतर समन्वय में रहे। हमें किसी तरह की तकलीफ नहीं हुई। छत्तीसगढ़ भवन में पहुंचकर हमें बहुत अच्छा लगा। यात्रियों ने बताया कि हम इस आपदा से जल्दी इसलिए बाहर आ पाये क्योंकि हमारी सरकार ने उत्तराखंड सरकार से उचित समन्वय बनाया। वहां के जिला प्रशासन ने तेजी से रेस्क्यू का कार्य किया। यात्रियों ने कहा कि हम इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति बहुत आभारी है।