राजीव गांधी की सरकार में मंत्री रह चुके आरिफ मोहम्मद खान बने केरल के राज्यपाल.. पांच राज्यों में नए राज्यपाल की नियुक्ति.. देखें लिस्ट..

0
103

1 सितंबर 2019, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने रविवार को बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के राज्यपालों का तबादला किया है। सरकार के नए फैसले के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, केरल और तेलंगाना के राज्यपालों का तबादला किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राज्यपालों के नियुक्तियों/तबादलों पर मुहर लगा दी है। राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक पूर्व पीएम राजीव गांधी की सरकार में मंत्री रहे दिग्गज नेता आरिफ मोहम्मद खान को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र का तबादला राजस्थान कर दिया गया है। वरिष्ठ बीजेपी नेता भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बीजेपी नेता बंडारू दत्तात्रेय को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। तमिलनाडु की बीजेपी नेता डॉ तमिलिसाई सुंदरराजन को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है।
कौन हैं आरिफ मोहम्मद खान:
पूर्व कांग्रेसी केंद्रीय मंत्री आरिफ मोहम्मद खान राजीव गांधी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। साल 1951 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जन्मे आरिफ मोहम्मद खान पूर्व कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनके पास ऊर्जा से लेकर नागरिक उड्डयन तक के कई पोर्टफोलियो रहे हैं। आरिफ मोहम्मद खान ने दिल्ली के जामिया मिलिया स्कूल से पढ़ाई की। उसके बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और लखनऊ के शिया कॉलेज से उच्च शिक्षा हासिल की। आरिफ मोहम्मद खान छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह प्रारंभिक दिनों में ही राजनीति से जुड़ गए। उन्होंने स्टूडेंट लीडर के तौर पर अपनी राजनीतिक पारी शुरू की। भारतीय क्रांति दल नाम की स्थानीय पार्टी के टिकट पर पहली बार आरिफ खान ने बुलंदशहर की सियाना सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, मगर वह हार गए थे। फिर महज 26 साल की उम्र में 1977 में आरिफ मोहम्मद खान पहली बार विधायक चुने गए।