बड़ी खबर : छत्तीसगढ़ में दो नेताओं को राज्य सरकार ने कैबिनेट मंत्री का दिया दर्जा….. सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश…

0
779

रायपुर, 25 अगस्त 2021। छत्तीसगढ़ सरकार में छिड़े सत्ता संघर्ष के बीच दो कांग्रेस नेताओं का ओहदा बढ़ा दिया गया है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा और राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आज ही इसके आदेश जारी किए।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी सिंह ने आज दोनों नेताओं को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने संबंधी आदेश जारी किया। इसके मुताबिक इन नेताओं को मंत्री पद का यह दर्जा केवल प्रशासनिक प्रोटोकाल के लिए दिया गया है। उनको वेतन-भत्ता और अन्य सुविधाएं संबंधित निगम-मंडलों और आयोगों से ही मिलेगा। सुरेंद्र शर्मा कांग्रेस के पुराने नेताओं में से एक हैं।

उन्हें लंबे समय तक संचार विभाग में रखा गया था। 2018 के विधानसभा चुनाव में वे कसडोल से दावेदार थे, लेकिन पार्टी से उन्हें टिकट नहीं दिया। बाद में उन्हें कृषक कल्याण परिषद का अध्यक्ष बनाया गया। 1998 से 2003 तक सूरजपुर के विधायक रहे भानुप्रताप सिंह भी उसके बाद कोई चुनाव नहीं जीत पाए। संगठन में उनको जिला से प्रदेश कमेटी तक जिम्मेदारी मिलती रही है। उन्हें राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था।

अब उन्हें कैबिनेट मंत्री का प्रोटोकाल दिया गया है। मंत्री का दर्जा देने का आदेश आज से ही लागू हो गया। राज्य सरकार अब तक करीब 30 नेताओं को मंत्री का दर्जा दे चुकी है।