बड़ी खबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी करने को लेकर राहुल गांधी पर मानहानि का मामला, अदालत में हुए पेश….

0
283

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक विधायक द्वारा दायर किए गए आपराधिक मानहानि के मामले में बयान दर्ज करवाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुजरात के सूरत में मजिस्ट्रेट की अदालत में पहुंचे हैं। मानहानि का मुकदमा राहुल गांधी द्वारा ‘मोदी जातिनाम’ को लेकर की गई उनकी टिप्पणी के विरुद्ध दायर किया गया है। सूरत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ए.एन. दवे ने राहुल गांधी को एक सप्ताह पहले सूरत के BJP विधायक पूर्णेश मोदी द्वारा दायर किए गए केस में अपना अंतिम बयान दर्ज करवाने के निर्देश दिए थे।

सूरत से भाजपा विधायक ने दर्ज कराया था केस

पूर्णेश मोदी ने अप्रैल 2019 में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। सूरत पश्चिम सीट से विधायक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि 2019 में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यह कहकर पूरे मोदी समुदाय को बदनाम किया था कि ‘सभी चोरों के नाम में मोदी क्यों लगा होता है?’

2019 में चुनावी रैली में विवादित बयान देने का आरोप

बता दें कि कर्नाटक के कोलार में 13 अप्रैल 2019 की एक चुनावी रैली में राहुल गांधी ने कथित तौर पर कहा था, ‘नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेंद्र मोदी इन सभी के नाम में मोदी लगा हुआ है। सभी चोरों के नाम में मोदी क्यों लगा होता है।’जब उन्होंने यह टिप्पणी की थी तब वह कांग्रेस अध्यक्ष थे। इससे पहले अक्तूबर 2019 में राहुल गांधी अदालत में पेश हुए थे और उन्होंने खुद को निर्दोष बताया था। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावडा ने बताया कि राहुल गांधी गुरुवार को अपने खिलाफ लगे फर्जी अवमानना मामले में अदालत के समक्ष पेश हो सकते हैं। वह सुबह दस बजे पहुंचेंगे और दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना हो जाएंगे। वह केवल अदालती कार्यवाही में हिस्सा लेने आ रहे हैं।