किसानों के मुद्दे को लेकर भाजपा का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन आज.. दुर्ग में सरोज, अंबिकापुर में रमन और रायपुर में बृजमोहन संभालेंगे मोर्चा…

0
62

रायपुर 22 फरवरी 2020। छत्तीसगढ़ भाजपा ने एक बार फिर कांग्रेस की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा आज पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करने जा रही है। धान खरीदी में अव्यवस्था, किसानों पर लाठीचार्ज और धान खरीदी की तारीख बढ़ाने को लेकर बीजेपी प्रदेश भर में आज यानी शनिवार को धरना प्रदर्शन करेगी।

प्रदेशभर में होने वाले विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह अंबिकापुर में प्रदर्शन करेंगे। दुर्ग में राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडेय, रायपुर में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल समेत अलग-अलग नेता जिले भर में प्रदर्शन करेंगे। दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक सभी जिलों में प्रदर्शन चलेगा। फिर राज्यपाल के नाम भाजपा नेता कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपेंगे।

बता दें कि बीजेपी ने धान खरीदी को लेकर किसानों पर हो रहे लाठीचार्ज और अव्यवस्था को देखते हुए प्रदेशव्यापी एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का फैसला किया है। साथ ही धान खरीदी की तारीख भी बढ़ाने की मांग बीजेपी करेगी। सभी जिलों में भाजपा किसान मोर्चा के नेतृत्व में किसानों को लेकर एकदिवसीय धरना दिया जाएगा।