ब्रेकिंग: डॉ.अजय तिर्की दूसरी बार बने अंबिकापुर नगर निगम के मेयर..सभापति के लिए कार्यवाही जारी .. अब तक 9 नगर निगम पर कांग्रेस का कब्जा..

0
201

अंबिकापुर। अंबिकापुर से कांग्रेस के लिए एक और खुशखबरी आ रही है। यहां छत्तीसगढ़ में हुए 10 नगर निगम में के चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस ने अब तक नौ नगर निगम पर कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस ने अंबिकापुर नगर निगम पर भी परचम फहरा दिया है। बुधवार को यहां हुए निर्वाचन के दौरान कांग्रेस के अजय तिर्की को महापौर चुना गया। उन्होंने भाजपा के प्रबोध मिंज को 9 वोटों से हराया। मतदान के दौरान डॉ.अजय तिर्की को 28, जबकि प्रबोध मिंज को 19 वोट मिले। एक वोट रिजेक्ट हो गया। वहीं सभापति पद के लिए अभी निर्वाचन की कार्यवाही जारी है।

सभापति के लिए इन्हें बनाया उम्मीदवार

कांग्रेस की ओर से अजय अग्रवाल और भाजपा सेटिन्नी सिंह बाबरा सभापति पद के उम्मीदवार हैं। इसके बाद 10 जनवरी को कोरबा नगर निगम के मेयर का निर्वाचन होगा। कोरबा के 67 वार्ड में से कांग्रेस के हिस्से सिर्फ 25 में जीत आई है। भाजपा को 30 वार्ड में जीत मिली हैं। यहां जीतकर आए 11 निर्दलीय बड़ी भूमिका निभाएंगे।

बस स्टैंड को मार्केट की तरह विकसित करेंगे: अजय तिर्की

अंबिकापुर नगर निगम में 48 वार्ड में से 27 पर कांग्रेस को जीत मिली थी। जबकि 20 में भाजपा और एक मेें निर्दलीय ने जीत दर्ज की। निर्दलीय पार्षद ने कांग्रेस को अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। इस तरह कांग्रेस के खाते में 28 वोट मिले, जबकि भाजपा का 1 वोट रिजेक्ट होने से प्रबोध मिंज को 19 वोट ही हासिल हो पाया। जीत के बाद महापौर अजय तिर्की ने कहा कि पुराना बस स्टैंड को मार्केट के रूप में विकसित करेंगे। इसको लेकर 10 साल से कांग्रेस वादा करती रही है। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा। दोनों ही मामलों में प्रभारी मंत्री शिव डहरिया से बैठक की जाएगी। वही नगरीय विकास मंत्री भी हैं।

10 में 9 पर कांग्रेस का कब्जा

प्रदेश भर में हुए नगरीय निकाय के 10 नगर निगम, 38 नगर पालिका और 105 नगर पंचायत के लिए चुनाव हुए थे। इसमें पहली बार अध्यक्ष, महापौर के लिए अप्रत्यक्ष रुप से चुनाव कराए जा रहे हैं। अंबिकापुर में कांग्रेस का महापौर निर्वाचित होने के बाद 10 में से 9 नगर निगम में कांग्रेस का कब्जा हो गया है।वहीं नगर निगम कोरबा में महापौर, सभापति के लिए मतदान होना बाकी है।

अब तक के नगर निगम के परिणाम

नगर निगम महापौर सभापति
रायपुर एजाज ढेबर प्रमोद दुबे
दुर्ग धीरज बाकलीवाल राजेश यादव
रायगढ़ जानकी काटजू जयंत ठेठवार
अंबिकापुर अजय तिर्की कार्यवाही जारी
धमतरी विजय देवांगन अनुराग मसीह
चिरमिरी कंचन जायसवाल गायत्री
बिलासपुर रामशरण यादव शेख नजिरुद्दीन
जगदलपुर साफिरा राहू कविता साहू
राजनांदगांव हेमा देशमुख हरिनारायण धकेता

अंबिकापुर नगर निगम के साथ ही कोरबा की दीपका नगर पालिका में भी बुधवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है। यहां पर भी 9 वार्डों में जीत के साथ भाजपा का भारी है, लेकिन 6 निर्दलीय बड़ी भूमिका में हैं। कांग्रेस को भी 6 वार्ड में ही जीत मिली है। इसके अलावा सरगुजा जिले की दोनों नगर पंचायत सीतापुर और लखनपुर, कोरिया जिले की तीनों नगर पंचायत झगराखांड, खोंगापानी और नईलेदरी समेत राजनांदगांव जिले की दो नगर पंचायतों में भी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है।