ब्रेकिंग न्यूज़ : राजधानी रायपुर में शुक्रवार की शाम से शुरू हो सकता है लॉकडाउन, कड़ाई से होगी पहरेदारी

0
91

रायपुर। प्रदेश में कोरोना का कहर जारी है। यहां एक के बाद एक जिलों में लॉकडाउन लगाया जा रहा है। राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी मिली है कि शुक्रवार शाम 5 बजे से लॉकडाउन लगाया जा सकता है। इस बार पहले से भी ज्यादा कड़ाई से लॉकडाउन की तैयारी है।

कलेक्टर करेंगे रायपुर में लॉकडाउन का ऐलान

रायपुर में लॉकडाउन का ऐलान कुछ देर में कलेक्टर करेंगे। शुक्रवार की शाम से रायपुर में लॉकडाउन लागू हो जाएगा। 7 से 10 दिन का यह लॉकडाउन होगा। कलेक्टर शाम 3:30 बजे इस मुद्दे पर बैठक लेंगे। जिसमें विस्तृत लॉकडाउन की गाइडलाइन तैयार की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री की बैठक के बाद मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि कलेक्टरों को ही लॉकडाउन का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी भी हम इस बात पर स्टैंड है कि जहां भी जरूरत होगी कलेक्टर कोरोना वायरस की चैन तोड़ने के लिए लॉकडाउन पर निर्णय ले सकते हैं । अब से कुछ देर बाद आपको पता लग जाएगा। कलेक्टर इस पर निर्णय लेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में चल रही बैठक हुई खत्म

बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में चल रही बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता व मंत्री रविंद्र चौबे ने जानकारी दी है कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निर्देश दिए गए हैं। सभी व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों से सहयोग मांगा गया है। सभी संगठनों ने भरोसा दिलाया है कि पहले की ही तरह इस बार भी सरकार के साथ हैं। बेड, ऑक्सीजन और वेंटीलेटर की उपलब्धता बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं। बिना लक्षण के मरीजों को नए बनाए जा रहे अस्पतालों में शिफ्ट करने कहा गया है। इससे गंभीर स्थिति वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।