छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन के बेटे अभिषेक सिंह और भाजपा सांसद संतोष पांडेय के खिलाफ केस दर्ज…..

0
639

कवर्धा, 08 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में बीते चार दिनों से अशांति का माहौल बना हुआ है। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक कर्फ्यू में ढ़ील दी थी, लेकिन लोगों को इस बात का पता ही नहीं चल पाया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद अब कवर्धा दंगे मामले में कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

आपको बता दें कवर्धा में रविवार को झंडा लगाने को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। जिसमें करीब 8 लोग घायल हो गए थे। अब इस मामले में पुलिस ने दंगा भड़काने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे व पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और सांसद संतोष पांडेय पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि कवर्धा पूर्व सीएम रमन सिंह का गृह नगर है और वर्तमान राज्य के वन मंत्री मोहम्मद अकबर का गृह जिला भी है।

शुरुआती जांच के आधार पर दर्ज किया मामला

एसपी मोहिग गर्ग ने बताया कि मामले की शुरुआती जांच के आधार पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और सांसद संतोष पांडेय पर दंगा भड़काने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोपी मानते हुए मामला दर्ज किया गया है। गर्ग ने बताया कि हिंसा के दौरान दोनों आरोपी कई संगठनों के साथ वहां मौजूद थे।

संवेदनशीलता के चलते सार्वजनिक नहीं की जाएगी एफआईआर

एसपी गर्ग ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। मामला काफी संवेदनशील है जिसके चलते एफआईआर सार्वजनिक नहीं की जा रही है। अभी पहले से स्थिति ठीक व नियंत्रण में हैं। इन मामले में अभी तक 95 लोगों की गिरफ्तार किया गया है।

बता दें कि कवर्धा में नाका चौक इलाक में झंडा लगाने को लेकर विवाद हो गया था। रविवार को कुछ युवकों ने अपने समुदाय का चौराहे पर झंडा लगा दिया था। जिसको लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। जिसके बाद कुछ हिंदू संगठनों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया, जो हिंसक हो गया। जिसमें कई बाइकों को आग लगा दी गई और दूसरे समुदाय के लोगों के घर में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और इलाके में कर्फ्यू लागू किया गया। इस घटना में करीब 8 लोग घायल हुए, जिनको कवर्धा के अस्पताल में भर्ती कराया गया।