छत्तीसगढ़ को केंद्र से मिली 7 CRPF बटालियन की मंजूरी, अलगे महीने हो जाएंगे तैनात..

0
87

23 अक्टूबर 2019 रायपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर के लिए केंद्र सरकार ने सीआरपीएफ की 7 नई बटालियन की मंजूरी दे दी है। इनमें से दो बटालियन नवंबर महीने में पहुंच जाएंगी। सभी बटालियनों का मुख्यालय जंगल में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बनाया जाएगा, जिससे नक्सलियों की धमक को खत्म किया जा सके। इसके लिए जगह तय कर ली गई है।

नक्सल प्रभावित राज्यों की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीआरपीएफ की नौ नई बटालियन उपलब्ध कराने की मांग की थी। उस समय केंद्रीय गृहमंत्री ने आश्वासन दिया था। इस बीच जम्मू कश्मीर में अतिरिक्त फोर्स तैनात होने और महाराष्ट्र व हरियाणा में चुनाव के कारण यहां नई बटालियन नहीं पहुंच पाई थी।

केंद्र ने 7 नई बटालियन को मंजूरी दे दी है। साथ ही, दो बटालियन शीघ्र भेजने की बात कही है। बाकी बटालियन झारखंड चुनाव के बाद आएंगी। इन दो को मिलाकर अब नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों की 47 बटालियन हो जाएगी। इसके अलावा दर्जनभर से ज्यादा सीएएफ की बटालियन भी तैनात है। नक्सल प्रभावित दस आकांक्षी जिलों के विकास के लिए राज्य सरकार केंद्र से तीन हजार करोड़ के अतिरिक्त पैकेज की मांग रखेगी। इस राशि से इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ विशेष योजनाएं शुरू की जाएंगी।