चित्रकोट विधानसभा BYPOLL: जोगी कांग्रेस प्रत्याशी बोमड़ा मंडावी ने भरा नामांकन.. इधर पूर्व विधायक लच्छुराम कश्यप के खरीदा फॉर्म.. सियासी हलचल तेज..

0
123

रायपुर 27 सितम्बर, 2019। चित्रकोट विधानसभा उप निर्वाचन के लिए अधिसूचना प्रकाशन के पांचवें दिन शुक्रवार 27 सितम्बर को ग्राम बुरगुम के बोमड़ा मंडावी ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रत्याशी के तौर पर अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही 27 सितम्बर को तोकापाल तहसील के ग्राम काना कुरुषपाल के अभय कुमार कच्छ, जगदलपुर के अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड निवासी रितिका कर्मा, तोकापाल तहसील के राजूर के बलराम मौर्य, ग्राम टाकरागुड़ा के हिड़मोराम मंडावी और लोहण्डीगुड़ा तहसील के ग्राम कोड़ेबेड़ा निवासी लच्छुराम कश्यप ने नाम निर्देशन पत्र  क्रय किया।

लच्छुराम हो सकते हैं भाजपा के उम्मीदवार

बताया जा रहा है कि चित्रकोट सीट पर हो रहे उपचुनाव में पार्टी लच्छूराम कश्यप को अपना उम्मीदवार बनाने जा रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की हुई बैठक में उनके नाम पर मुहर लगा दी गई है। चुनाव समिति की बैठक में नाम तय होने के बाद इसे केन्द्रीय नेतृत्व के पास स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष उनके नाम पर मुहर लगाएंगे और इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि लच्छूराम कश्यप बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं और वे 2003 में चित्रकोट विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए थे। 2010 से 2015 तक वे जिला पंचायत अध्यक्ष रहे और 2018 में एक बार फिर भाजपा ने उन्हें चित्रकोट सीट से मैदान में उतारा था लेकिन वे कांग्रेस के दीपक बैज से चुनाव हार गए थे। दीपक बैज को कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में उतारा था जिसमें जीतने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। अब एक बार फिर भाजपा भाजपा ने लच्छूराम कश्यप पर भरोसा जताया जा सकता है।

28 एवं 29 सितम्बर को अवकाश के कारण नाम निर्देशन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे

नेगोशियेबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत 28 सितम्बर को चौथे शनिवार को अवकाश होने और रविवार 29 सितम्बर को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अब सोमवार 30 सितम्बर को ही नाम निर्देशन पत्र लेने और जमा करने की कार्यवाही की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि सोमवार 30 सितम्बर निर्धारित है। 30 सितम्बर को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।

गौरतलब है कि चित्रकूट विधानसभा सीट से दीपक बैज विधायक चुने गए थे। लेकिन बस्तर से सांसद बनने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद ये सीट खाली हो गई थी। जिस पर 21 अक्टूबर को मतदान होने है। और 24 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।