सीएम भूपेश ने किया हेमचंद यादव यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग का भूमिपूजन, बोले- हेमचंद का छत्तीसगढ़ के लिए योगदान अविस्मरणीय, 14.22 करोड़ से बनेगा प्रशासनिक भवन…

0
61

09 मार्च 2019 दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के भूमिपूजन के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय हेमचंद यादव के छत्तीसगढ़ के प्रति योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय यादव की विधायक एवं मंत्री के रूप में उपलब्धि अविस्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन तैयार हो जाने से काम मे काफी सहजता होगी। मुख्यमंत्री ने पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि पहले नागपुर विश्वविद्यालय या सागर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को जाना होता था।

अब तकनीकी विषयों के भी विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ में हैं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को बेहतर बनाने हर संभव कार्य शासन द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि पोटिया क्षेत्र के होने की वजह से मैं मुख्यमंत्री का विशेष रूप से स्वागत करता हूँ।

स्वर्गीय हेमचंद यादव के नाम पर यह विश्वविद्यालय है। उन्होंने अपने सार्थक कार्य से जीवन में बड़ी उपलब्धि हासिल की। विधायक और मंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के भूमिपूजन होने से जल्द ही विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। इस मौके पर विधायक अरुण वोरा ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने मातृ एवं शिशु अस्पताल का लोकार्पण किया। यह बड़ी सुविधा लोगों को मिली है।

प्रशासनिक भवन के आरम्भ होने से काफी सुविधा बढ़ेगी। इस मौके पर कुलपति दिलीप वासनीकर ने विश्वविद्यालय के प्रशासकीय भवन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 40 एकड़ क्षेत्र में फैला यह भवन 5 मंजिला होगा। उन्होंने कहा कि इसके आरम्भ होने से विद्यार्थियों की सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से 128 महाविद्यालय सम्बद्ध है। जिनमें से 61 शासकीय तथा 67 अशासकीय हैं। इस मौके पर विधायक एवं महापौर देवेंद्र यादव एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here