विश्लेषण कांग्रेस की दुर्ग सीट का: क्या प्रतिमा चंद्राकर या राजेंद्र साहू को मिल रही दुर्ग लोकसभा की टिकट, ऐसा नहीं तो भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता इन्हीं दो नाम पर क्यों कर रहे चर्चा, यहां जानिए…

0
98

03 मार्च 2019 भिलाई@ विशेष संवाददाता। लोकसभा चुनाव के लिए कुछ महीने ही शेष है। राजनीतिक दलों ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कांग्रेस हरेक विधानसभा में संकल्प शिविर लगा रही है तो भाजपा बूथ को मजबूत कर रही है। वैसे इस बार तो चर्चा दुर्ग लोकसभा सीट की ज्यादा हो रही है। जहां कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर कॉन्फिडेंस दिख रही है। इसके पीछे वजह भी है। सीएम भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पीएचई मंत्री गुरू रूद्रकुमार और कृषि मंत्री रविंद्र चौबे का निर्वाचन क्षेत्र जो आता है दुर्ग। यहां प्रत्याशी चयन को लेकर ज्यादा माथापच्ची भी नहीं हो रही है। क्योंकि, कांग्रेस में ऐसा माहौल है कि टिकट किसी दो में से एक को ही मिलेगी। यह खूब चर्चा है। पहला नाम पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर का है। जिसे कांग्रेस ने दुर्ग ग्रामीण विधानसभा से प्रत्याशी बनाया और फिर बाद में टिकट छीनकर ताम्रध्वज साहू को मैदान में उतार दिया। दूसरा नाम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्वाचन क्षेत्र पाटन के प्रभारी और उनके सबसे करीबी राजेंद्र साहू का है। राजेंद्र साहू प्रॉपर दुर्ग शहर से है। लेकिन अब दुर्ग शहर के साथ-साथ दुर्ग ग्रामीण, पाटन, अहिवारा और नवागढ़, बेमेतरा व साजा का दौरा कर रहे हैं। जिले में हर दूसरे कांग्रेसी की जुबान पर लोकसभा प्रत्याशी के रूप में सिर्फ प्रतिमा चंद्राकर या फिर राजेंद्र साहू का नाम है। भाजपा के नेता भी यह कहने से पीछे नहीं हट रहे हैं कि राजेंद्र साहू या प्रतिमा चंद्राकर को ही मिलेगी टिकट। कांग्रेस के संकल्प शिविर में भी दोनों के नाम पर ही चर्चा हो रही है। हालांकि, एक-दो नाम पर भी बातें हो रही है। लेकिन अब यह देखना होगा कि दुर्ग लोकसभा सीट से कांग्रेस किसे टिकट देती है?

आखिर ये दोनों ही क्यों…
प्रतिमा चंद्राकर

  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर दुर्ग जिले के कई कांग्रेसी नेताओं के राजनीतिक गुरू वासुदेव चंद्राकर की बेटी है।
  • दुर्ग ग्रामीण से पूर्व विधायक। एक लोकल छत्तीसगढ़ी चेहरा और महिला है।
  • कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में प्रतिमा चंद्राकर को दुर्ग ग्रामीण से मैदान में उतार दिया था। फिर आलाकमान ने अचानक एकमात्र कांग्रेसी सांसद ताम्रध्वज साहू को दुर्ग ग्रामीण से उतार दिया।
  • पार्टी के इस फैसले से प्रतिमा खासे नाराज हुई। साथ ही कुर्मी समाज का एक धड़ा कांग्रेस से नाराज हो गया।
  • प्रतिमा चंद्राकर ने तो खुर्सीपार की सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।
  • राहुल ने तब प्रतिमा को बड़ा आश्वासन दिया। शायद लोकसभा का भी हो सकता है। इसके बाद से प्रतिमा चंद्राकर लगातार लोकसभा क्षेत्र का दौरा कर रही है।
  • प्रतिमा का रोजाना दौरा कार्यक्रम बन रहा है। सीएम हाउस की दौड़ लगा रही है।
  • अब देखना ये होगा कि कांग्रेस प्रतिमा को मनाने के लिए लोकसभा की टिकट देती है या फिर छत्तीसगढ़ी चेहरे को साधने के लिए प्रतिमा को मैदान में उतारती है।

राजेंद्र साहू

  • विधानसभा चुनाव से पहले राजेंद्र साहू को कांग्रेस ने पाटन क्षेत्र का प्रभारी बना दिया। तब से डेढ़ साल तक राजेंद्र साहू भूपेश बघेल के पाटन क्षेत्र में दौड़े।
  • हरेक गांव से लेकर बूथ स्तर पर खुद गए। पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली।
  • कई भाजपा के पदाधिकारियों को अपने पाले में लिया।
  • विधानसभा चुनाव में भाजपा ने साहू समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मोतीलाल साहू को उतारा।
  • तब राजेंद्र साहू की जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ गई। साहू समाज को मैनेज करने में राजेंद्र फिट बैठे।
  • चुनाव के कुछ दिन पहले ही तय हो गया था कि पाटन में साहू समाज भाजपा की नहीं कांग्रेस की ओर झूक रहा है।
  • जब चुनाव का रिजल्ट आया तो भूपेश बघेल ने राजेंद्र साहू की पीठ थपथपाई।
  • चर्चा है कि भूपेश बघेल के कहने पर ही राजेंद्र साहू दुर्ग शहर, ग्रामीण और पाटन के अलावा अन्य विधानसभा के कार्यक्रमों में शरीक होना शुरू किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here