स्वास्थ्य मंत्री अचानक निरिक्षण करने पहुंचे आंबेडकर अस्पताल, सिंहदेव ने स्वीकारा, हॉस्पिटल में कम पड़ रहे बेड, 500 बढ़ेंगे

0
59

27 मई 2019, रायपुर। आंबेडकर अस्पताल में अभी 1130 बिस्तर हैं, लेकिन मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के अनुपात में ये कम पड़ने लगे हैं। यह बात खुद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने स्वीकारी। वे रविवार को अचानक यहां पहुंचे। छुट्टी का दिन होने की वजह से अधीक्षक समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं थे। सिर्फ सीएमओ डॉ. सीपी देवांगन थे। वे तत्काल मंत्री के साथ-साथ चले और उन्होंने सभी प्रशासनिक अफसरों को फोन किया। अधीक्षक डॉ. विवेक चौधरी, सहायक अधीक्षक अल्ताफ यूसुफ मीर दौड़े-भागे पहुंचे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल में बिस्तर (बेड) की संख्या कम पड़ रही है, इसे में भी महसूस कर रहा हूं। कोशिश होगी कि 500 बेड और बढ़ाएं जाएं। इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया जाए।

मंत्री ने सबसे पहले ट्रामा यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीज के परिजन हाथों में ग्लूकोस की बोतल पकड़े हुए थे और मरीज स्ट्रेचर पर था। उन्होंने सीएमओ से इस पर सवाल किया। इसके बाद ट्रामा यूनिट में व्यवस्था देखी। तब तक अधीक्षक पहुंच चुके थे। वार्ड नंबर 4-5 की व्यवस्था देखी, यह स्त्री रोग विभाग है। उन्होंने कहा कि मुझे जानकारी है कि स्त्रीरोग विभाग में मरीजों की संख्या काफी है। वे कैंसर विभाग पहुंचे।

शौचालय की बत्ती मिली बंद

एक विभाग के वार्ड में मंत्री को शौचालय की बत्ती बंद मिली। उन्होंने कहा कि इसे तत्काल बनवाएं। इस दौरान मरीजों से मुलाकात भी की। बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री का यह आंबेडकर अस्पताल में दूसरा दौरा था।

भर्ती प्रक्रिया भी जारी है

स्वास्थ्य मंत्री से इस दौरान सवाल पूछा गया कि न सिर्फ आंबेडकर अस्पताल बल्कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि यह सच है। इस पर सरकार चिंतित है और भर्ती की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही नियुक्तियां होंगी।

जी प्लस सेवन में बना सिर्फ जी प्लस वन

वर्ष 2015-16 में मर्चुरी के पास जी प्लस सेवन हॉस्पिटल का प्रस्ताव बना था। मगर स्वास्थ्य विभाग के तत्कालीन प्रमुख सचिव ने इस पर रोक लगा दी थी। सिर्फ जी प्लस वन निर्माण के लिए ही राशि स्वीकृत की। यहां पर कैंसर विभाग संचालित हो रहा है। अगर इसके ऊपर छह और फ्लोर बन जाएं तो आंबेडकर अस्पताल के कई विभागों की आइपीडी शिफ्ट हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here