छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड के बच्चों को बांटे गए 50% से ज़्यादा उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र, घर बैठे हो रही परीक्षा…

0
134

रायपुर। कोरोना वायरस के चलते बीते साल से छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। देश में करीब एक साल से स्कूल नहीं खुले हैं। ऐसे में इस बार सबसे बड़ा मुद्दा बोर्ड के छात्रों की परीक्षा का बना हुआ था। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं की परीक्षा को लेकर कवायद शुरू की गई है। मंगलवार से 12वीं के छात्रों की परीक्षा शुरू हो गई है। कोरोना के चलते इस बार छात्र घरों से ही बोर्ड की परीक्षा दे रहे हैं। इसके लिए छात्रों को सभी स्कूलों से प्रश्न पत्र और आंसरशीट बांटे गए।

50% से ज़्यादा बांटे गए उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र

छत्तीसगढ़ में उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र बांटने के लिए 5 दिन का समय निर्धारित किया गया है। पहले दिन बच्चों को 50% से ज़्यादा उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र बांटे गए। आज दूसरे दिन भी यह सिलसिला जारी है। कुछ जगहों पर भीड़ की स्थिति देखते हुए छात्रों को केंद्रों से लौटा दिया गया। जब सभी जगहों से पोर्टल में संख्या अपलोड की जाएगी, तब आंकड़ा बढ़ सकता है। जिस दिन बच्चे उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र ले जाते हैं। उसके ठीक 5 दिन के अंदर उसे जमा भी करना होगा। प्रदेश में 12वीं की परीक्षा देने वाले बच्चों की संख्या 2 लाख 86 हजार 809 है।

1 जून से 5 जून तक जारी रहेगा वितरण कार्य

माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव वी.के. गोयल ने बताया कि एक जून को उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र 50 प्रतिशत से ज़्यादा बच्चों को पांचों विषय का बांटा गया। यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि प्रदेश के कई स्थानों में संख्या अभी अपलोड नहीं हो पाया है। आज दूसरे दिन भी वितरण कार्य जारी है। वितरण करने के लिए 5 दिन का समय निर्धारित किया गया है। 1 जून से 5 जून तक वितरण कार्य जारी रहेगा।

शिक्षकों को कोरोना नियमों का करना होगा पालन

उन्होंने आगे बताया कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों के लिए खतरनाक माना जा रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए कोरोना एडवाइजरी जारी किया गया है। उन निर्देशों का उल्लंघन करने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। शिक्षकों को भी उत्तर पुस्तिका जांच करते समय सावधानी बरतने के लिए दिशा निर्देश जारी किया गया है। ताकि शिक्षक और बच्चे दोनों सुरक्षित रहें।