IT RAID अपडेट: आबकारी विभाग की OSD के बंगले से 2 बैग लेकर निकले इनकम टैक्स के अफसर… रायगढ़ और कमल होजरी पर इनकम टैक्स का छापा…

0
86

दुर्ग/रायगढ़ 27 फरवरी, 2020। छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को आयकर विभाग के अफसरों ने एक साथ दबिश दी है। आयकर विभाग के अफसरों ने प्रदेश के कई बड़े नामी गिरामी लोगों के घर पर दबिश दी है। इसी बीच दुर्ग शहर से जानकारी मिल रही है कि आबकारी विभाग ओएसडी अरुण पति त्रिपाठी के बंगले पर आयकर अधिकारियों की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अरुण पति त्रिपाठी के बंगले से 3 आयकर अफसर 2 बैग लेकर 2 महिलाएं और एक पुरुष निकले हैं। संभावना जताई जा रही है कि आयकर जांच टीम बैग में कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज लेकर अरुण पति त्रिपाठी के बंगले से निकले हैं।

रायगढ़ से भी खबर आ रही है कि आयकर अफसरों ने रायगढ़ होजरी और कमल होजरी में दबिश दी है। दोनों संस्थानों के ठिकानों पर आयकर ​अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आयकर अधिकारियों को दोनों संस्थानों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जीत करने की शिकायत मिली थी। इसी आधार पर दोनों संस्थानों में दबिश दी है। फिलहाल आयकर विभाग के अफसर दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

वहीं, दूसरी ओर आयकर विभाग के अधिकारियों ने किसी प्रकार की जानकारी मीडिया को देने से इनकार कर दिया है। आयकर अधिकारियों ने मीडिया को पूछताछ नहीं करने के नियम बताते हुए सवाल करने से मना किया है।