खेल-खेल में गई जान, गोली चलने से छात्र की मौत,भिलाई में दोस्तों के साथ मना रहा था 18वां जन्मदिन….

0
562

छत्तीसगढ़, 23 अगस्त 2021। दुर्ग जिले में बर्थ डे पार्टी के जश्न में गोली चलने से एक छात्र की मौत हो गई। छात्र अपने दोस्तों के साथ 18वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहा था। इस दौरान घर में रखी बंदूक को लोड-अनलोड करते समय गोली चल गई। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है। फिलहाल सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, भिलाई के जवाहर नगर निवासी रोहन सिंह राजपूत पुत्र संजय सिंह ने इसी साल 12वीं पास की थी। वह रविवार को दोस्तों के साथ अपना 18वां जन्मदिन मना रहा था।

घर के बाहर पार्टी का माहौल था। इतने में पार्टी में गोली चलने की आवाज आई। सभी दौड़ कर मौके पर पहुंचे तो देखा रोहन की जांघ में गोली लगी है और वह लहूलुहान होकर जमीन पर पड़ा है।

बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान रोहन घर में रखी 12 बोर की बंदूक से खेल रहा था। वह बार-बार बंदूक को लोड और अनलोड कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि रोहन के पिता संजय सिंह जबलपुर में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। रोहन उनका इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। घर में रखी बंदूक लाइसेंसी थी। खेल-खेल में गोली चलने से हादसा हुआ है, हालांकि मामले की जांच जारी है।