बैलाडीला से दुर्ग जा रही यात्री बस केशकाल घाटी में पलटी.. हादसे में कई लोग घायल.. ड्राइवर-कंडक्टर बस छोड़कर भागे..

0
160

कोंडागांव। प्रदेश के वनांचल क्षेत्र बस्तर के केशकाल घाट से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आ रह है। बताया जा रहा है कि सोमवार को बैलाडीला से दुर्ग आ रही एक यात्री बस केशकाल घाटी के पास पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। फिलहाल स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया है। हादसे से घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे से किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।

मिली जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह दुबे ट्रैवल्स की बस सोमवार को अपने तय समय पर बैलाडीला से दुर्ग आ रही थी। इसी दौरान केशकाल घाट पहुंचने से पहले बस पलट गई। इस दौरान बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है जगदलपुर से निकालने के बाद बस में खराबी आ रही थी, कई जगहों पर रूककर ड्राइवर ने बनाने की कोशिश भी की थी।

फरार हुए चालक-कंडक्टर

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। वहीं, बस के अंदर फंसे यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकला गया।