रमेश बैस ने झारखंड के 10वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की ली शपथ, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी शुभकामनाएं…

0
176

रांची। ​त्रिपुरा के राज्यपाल रहे रमेश बैस ने आज रांची में झारखंड के राज्यपाल के तौर पर पद की शपथ ग्रहण की है। रमेश बैस ने आज बुधवार को दोपहर 2 बजे राजभवन के बिरसा मंडप में झारखंड के 10वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है।

झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डाॅ. रविरंजन ने उन्हें शपथ दिलाई, इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तमाम मंत्री, अधिकारी आदि उपस्थित रहे। एक सप्‍ताह पूर्व ही रमेश बैस को झारखंड का राज्‍यपाल नियुक्‍त किया गया है। रमेश बैस कल मंगलवार शाम ही रांची पहुंचे हैं। मुख्‍यमंत्री ने उनकी रांची एयरपोर्ट पर अगवानी की है।

रमेश बैस छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी हैं। इससे पहले वे त्रिपुरा के राज्यपाल थे। पार्षद के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करनेवाले रमेश बैस सात बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। साथ ही भाजपा सरकार में कई टर्म केंद्रीय राज्य मंत्री भी रहे हैं। इस पद पर रहते हुए उन्होंने रासायनिक एवं उर्वरक, सूचना एवं प्रसारण, खान, पर्यावरण एवं वन जैसे मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बैस अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं।

सीएम बघेल ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री रमेश बैस को आज झारखंड के नये राज्यपाल के रूप में शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि रमेश बैस के सुदीर्घ अनुभवों का लाभ झारखंड की जनता को मिलेगा।