दिल्ली में आज रात से छह दिनों का लॉकडाउन, सीएम केजरीवाल ने हाथ जोड़कर प्रवासी मजदूरों से की दिल्ली न छोड़ने की अपील

0
91

नेशनल। कोरोना वायरस ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी हाहाकार मचा रखा है। मामलों में हो रही भयावह बढ़ोतरी को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने राजधानी में 6 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की है। यह लॉकडाउन आज रात से 26 अप्रैल की सुबह तक रहेगा। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दर 30 फीसदी तक पहुंच गई है। रविवार को राजधानी में 25462 नए संक्रमित मामले मिले जिसकों देखते हुए सीएम केजरीवाल ने इस लॉकडाउन का ऐलान किया है।

सीएम केजरीवाल ने प्रवासी मजदूरों से हाथ जोड़कर की अपील

कोरोना महामारी से निपटने के लिए एक हफ्ते का लॉकडाउन लगाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवासी मजदूरों से भावुक अपील की है। सीएम केजरीवाल ने कहा, ‘प्रवासी मजदूरों से हाथ जोड़कर अपील करना चाहता हूं कि दिल्ली छोड़ कर मत जाएं। यह छोटा सा लॉकडाउन है। सरकार आपकी सभी जरूरतों का ध्यान रखेगी। ‘

हम सब मिलकर इस परिस्थिति का सामना करेंगे

दिल्ली में लॉकडाउन के ऐलान के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, पिछली बार जब लॉकडाउन लगाया गया था, बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने घर जाने लगे थे। मेरी आप सभी से अपील है कि आप दिल्ली छोड़कर ना जाएं। आपका ख्याल राज्य सरकार रखेगी। हम सब मिलकर इस परिस्थिति का सामना करेंगे।

लॉकडाउन बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी
उन्होंने प्रवासी मजदूरों से कहा, ‘आने जाने में इतना समय खराब हो जाएगा। सरकार पूरी तरह आपके साथ है। यह छोटा लॉकडाउन है और छोटा ही रहेगा। शायद इसे बढ़ाने की जरूरत नहीं पडे़गी। आप लोग दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। यह निर्णय हमने बहुत मजबूरी में लिया है। इन 6 दिनों के लॉकडाउन में हम दिल्ली में बड़े स्तर पर बेड की व्यवस्था करेंगे। केंद्र सरकार हमारी मदद कर रही है। हम इसके लिए शुक्रगुजार हैं।